केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रबी सीजन 2026-27 के लिए फॉस्फेटिक और पोटाशिक (पीएंडके) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) दरों को मंजूरी दे दी है।
रबी 2026-27 के लिए इसकी संभावित बजटीय आवश्यकता लगभग 62 हजार 370 करोड़ रुपये होगी। यह राशि पिछले रबी 2025-26 सीजन की बजटीय आवश्यकता की तुलना में लगभग 24 हजार 417 करोड़ रुपये अधिक है।
नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस सब्सिडी से किसानों को किफायती दामों पर इन उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
उर्वरकों और यूरिया, डीएपी व सल्फर जैसे कच्चे माल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में हालिया रुझानों को देखते हुए, सरकार ने रबी 2026-27 के लिए फॉस्फेटिक और पोटाशिक उर्वरकों पर ये एनबीएस दरें 1 अक्टूबर 2026 से अगले वर्ष 31 मार्च तक के लिए प्रभावी करने का निर्णय लिया है।