ISSF विश्व चैंपियनशिप: विवान कपूर ने जीता रजत, भारत को मिला ओलंपिक कोटा

भारत के युवा निशानेबाज विवान कपूर ने दोहा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष ट्रैप स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा स्थान भी हासिल कर लिया।

विवान स्वर्ण पदक जीतने के बेहद करीब पहुंच गए थे। उनका प्रदर्शन पूरे मुकाबले में शानदार रहा और उनसे पुरुष ट्रैप में विश्व चैंपियन बनने की उम्मीद बढ़ गई थी। हालांकि, शूट-ऑफ में एक निशाना चूकने के कारण उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

स्वर्ण पदक के लिए हुए शूट-ऑफ में विवान का मुकाबला कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान से हुआ। निर्धारित 30 निशानों के मुकाबले में दोनों निशानेबाजों ने 29-29 अंक हासिल किए थे। इसके बाद शूट-ऑफ में विवान एक क्ले बर्ड को निशाना बनाने से चूक गए, जबकि कुवैत के निशानेबाज ने सटीक निशाना लगाकर स्वर्ण पदक जीत लिया।

विवान के पास भारत के लिए पुरुष ट्रैप में विश्व चैंपियन बनने वाले दूसरे निशानेबाज बनने का सुनहरा मौका था। इससे पहले मानवजीत सिंह संधू ने 2006 में क्रोएशिया के जाग्रेब में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता था।

इस उपलब्धि के साथ विवान कपूर लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए कोटा हासिल करने वाले तीसरे भारतीय निशानेबाज बन गए हैं। उनसे पहले पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जयपाल मालवीय और पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक जीतने वाले नीरज कुमार भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं।

विवान का रजत पदक और ओलंपिक कोटा भारतीय निशानेबाजी के लिए बड़ी उपलब्धि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *